ट्रैक्टर से टक्कर कर युवक की हत्या, 24 घंटे में आरोपी चालक गिरफ्तार – भीमपुरा पुलिस

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

बनारस केसरी नगरा बलिया। भीमपुरा थाना पुलिस ने जानबूझकर ट्रैक्टर से टक्कर मारकर बाइक सवार युवक की हत्या करने वाले आरोपी को घटना के 24 घंटे के अंदर गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने कार्रवाई पूरी कर आरोपी को न्यायालय में पेश किया।

मामला बुधवार का है। फतेहपुर मंडाव निवासी सोनू राजभर ट्रैक्टर-ट्रॉली चलाकर जा रहा था। आरोप है कि सोनू ने अपनी लेन छोड़कर सामने से आ रहे मनोज कुमार सिंह की मोटरसाइकिल में तेज रफ्तार से टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि मनोज की मौके पर ही मौत हो गई और बाइक भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।

घटना के बाद सोनू ट्रैक्टर लेकर फरार हो गया था। मनोज के परिजनों की तहरीर पर भीमपुरा थाने में मुकदमा अपराध संख्या 99/2026, धारा 105 एवं 324(4) बीएनएस के तहत हत्या और क्षति पहुंचाने का केस दर्ज किया गया।

थानाध्यक्ष भीमपुरा के नेतृत्व में गठित टीम ने मुखबिर की सूचना और CCTV फुटेज के आधार पर गुरुवार को शब्दलपुर नहर पुलिया के पास से 25 वर्षीय आरोपी सोनू राजभर को धर दबोचा।

पूछताछ में आरोपी ने अपना जुर्म कबूल किया। पुलिस ने ट्रैक्टर-ट्रॉली को भी कब्जे में ले लिया है। एसपी ने इस त्वरित कार्रवाई के लिए भीमपुरा पुलिस टीम की सराहना की है।

रिपोर्टर,मुकेश कुमार श्रीवास्तव,नगरा बलिया

Banaras Kesari
Author: Banaras Kesari

Leave a Comment

और पढ़ें