बनारस केसरी नगरा बलिया। नगरा थाना क्षेत्र के मलप मोड़ के पास मंगलवार सुबह 24 वर्षीय युवती का शव पेड़ से लटका मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। मृतका की पहचान नगर पंचायत के भिटकुना मोड़ निवासी नवाबुल खान की पुत्री रेहाना खान के रूप में हुई है। ग्रामीणों के अनुसार नगरा-रसड़ा मार्ग पर स्थित रोशन शाह मजार के पास झाड़ी में पीपल के पेड़ से युवती का शव दुपट्टे के सहारे लटका हुआ था। लोगों ने शव देखकर शोर मचाया जिसके बाद सूचना पुलिस को दी गई।
सूचना मिलते ही नगरा पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल बलिया भेज दिया। घटनास्थल से युवती के चप्पल बिखरे पड़े मिले। वहीं मजार के पास मोबाइल भी बरामद हुआ। इसी मोबाइल से पुलिस ने मृतका की पहचान की। युवती के मौत की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया।
थानाध्यक्ष का बयान
नगरा थानाध्यक्ष संजय कुमार मिश्रा ने बताया, “शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। रिपोर्ट आने के बाद ही मौत का कारण स्पष्ट हो सकेगा। मोबाइल और अन्य साक्ष्यों की जांच की जा रही है। अभी कुछ भी कहना जल्दबाजी होगी।”
सवालों के घेरे में मौत
शव के जमीन से सटे होने और घटनास्थल की स्थिति को लेकर इलाके में कई तरह की चर्चाएं हैं। परिजनों से भी पुलिस पूछताछ कर रही है। फिलहाल पुलिस मामले की हर एंगल से जांच कर रही है l
रिपोर्टर मुकेश कुमार श्रीवास्तव,नगरा बलिया








