नगरा (बलिया)। बहुजन समाज पार्टी के नेता और उत्तर प्रदेश स्थित बलिया के रसड़ा से विधायक उमाशंकर सिंह का 5 अगस्त बुधवार को देहांत हो गया। रसडा विधायक उमाशंकर सिंह के असामयिक निधन पर अंतिम दर्शन के लिए गुरुवार को भारी संख्या में लोग उमड़ पड़े। सुबह से ही उनके आवास पर समर्थकों, शुभचिंतकों और क्षेत्रवासियों की भीड़ जुटनी शुरू हो गई। लखनऊ में पहुँचकर लोगों और शुभचिंतकों ने अंतिम दर्शन कर श्रद्धांजलि दी। इस दौरान माहौल गमगीन रहा और लोगों ने नम आंखों से अपने प्रिय जनप्रतिनिधि को अंतिम विदाई दी।
बुधवार की रात विधायक उमाशंकर सिंह की उपचार के दौरान मृत्यु हो गई थी। उन्हें श्रद्धांजलि देने के लिए विभिन्न राजनीतिक दलों के नेताओं, जनप्रतिनिधियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और आम नागरिकों ने पहुंचकर उनके पार्थिव शरीर पर पुष्प अर्पित किए। उपस्थित लोगों ने उन्हें गरीबों और जरूरतमंदों का सच्चा हितैषी बताते हुए कहा कि उन्होंने अपना पूरा जीवन जनसेवा को समर्पित किया। उनके निधन की खबर मिलते ही क्षेत्र में मातम छा गया। “बलिया ने वो सितारा खोया जिसकी भरपाई मुश्किल”
सोशल मीडिया पर उनके चाहने वाले लगातार श्रद्धांजलि दे रहे हैं। एक पोस्ट में लिखा गया – “बलिया ने वो सितारा खोया, जिसकी भरपाई अब शायद ही कोई कर पाएगा… ईश्वर आपको अपने चरणों में स्थान दे।”
श्रद्धांजलि संदेश में कहा गया है –
“ना कोई आता है दुनिया में, ना कोई जाता है… जो आता है, वो केवल अच्छे कर्म छोड़ जाता है।”
परिजनों ने ईश्वर से प्रार्थना की है कि पुण्य आत्मा को अपने श्री चरणों में स्थान दें। ॐ शांति
जनसेवा के लिए जाने जाते थे उमाशंकर सिंह
श्री उमाशंकर सिंह जी अपने सरल स्वभाव और समाज सेवा के लिए क्षेत्र में काफी लोकप्रिय थे। वे हमेशा लोगों की मदद के लिए तैयार रहते थे। उनके निधन से न केवल परिवार बल्कि पूरे क्षेत्र ने एक जनसेवक खो दिया है। उनके निधन पर विभिन्न सामाजिक, राजनीतिक और शैक्षणिक संस्थाओं से जुड़े लोगों ने गहरा दुख व्यक्त किया है और शोक संवेदना व्यक्त की है।
रिपोर्टर,मुकेश कुमार श्रीवास्तव








