बनारस केसरी, वाराणसी बरेका : बरेका में सुरक्षा व्यवस्था को और चाक चौबंद करने के लिए महाप्रबंधक नरेश पाल सिंह की ओर से रेलवे सुरक्षा बल को तीन अत्याधुनिक बुलेट मोटरसाइकिल प्रदान की गईं। प्रशासन भवन प्रांगण में आयोजित समारोह में महाप्रबंधक ने हरी झंडी दिखाकर बुलेट मोटरसाइकि को रेलवे सुरक्षा बल फैंटम दस्ते में शामिल किया। इस पहल का उद्देश्य बरेका परिसर में आपराधिक गतिविधियों की रोकथाम, सुरक्षा निगरानी प्रणाली को मजबूत करना एवं गश्त को अधिक प्रभावी बनाना है। बरेका परिसर की सुरक्षा को और सुदृढ़ बनाने के लिए इसे तीन प्रमुख सुरक्षा जोनों में विभाजित किया गया है। इन जोनों में निरंतर पेट्रोलिंग सुनिश्चित करने के लिए रेलवे सुरक्षा बल के जवान बुलेट मोटरसाइकिलों का उपयोग करेंगे। इससे किसी भी संदेहास्पद गतिविधि पर त्वरित कार्रवाई संभव होगी और सुरक्षा बल की सक्रियता एवं प्रभावशीलता में वृद्धि होगी। इस अवसर पर महाप्रबंधक नरेश पाल सिंह ने कहा, बरेका की सुरक्षा सर्वोपरि है। इन बुलेट मोटरसाइकिलों के माध्यम से रेलवे सुरक्षा बल की गश्त अधिक प्रभावी होगी।जिससे किसी भी अवांछित गतिविधि पर तत्काल नियंत्रण पाया जा सकेगा। यह कदम सुरक्षा मानकों को नई ऊंचाई देगा। महानिरीक्षक सहप्रधान मुख्य सुरक्षा आयुक्त, रेलवे सुरक्षा बल, मो.नुरुल होदा बरेका ने कहा कि यह पहल बरेका की सुरक्षा को और अधिक सुदृढ़ बनाएगी।











