बनारस केसरी नगरा, बलिया: जनपद के सिकन्दरपुर थाना क्षेत्र के सरनी गांव में पारिवारिक विवाद के चलते एक भाई ने दूसरे भाई पर चाकू से जानलेवा हमला कर दिया। घटना में बड़े भाई मृत्युंजय सिंह (40 वर्ष) गंभीर रूप से घायल हो गए।जिन्हें इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। नशे में था छोटा भाई।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, मृत्युंजय सिंह रविवार देर शाम लखनापार चट्टी से अपने घर लौट रहे थे। तभी रास्ते में उनके छोटे भाई रामजी सिंह से किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई। बताया जा रहा है, कि रामजी शराब के नशे में धुत था। दोनों में मामूली पारिवारिक विवाद देखते ही देखते हिंसक रूप ले लिया।
गांव वालों के अनुसार, कहासुनी के बाद दोनों भाइयों में हाथापाई शुरू हो गई। इसी दौरान छोटे भाई ने धारदार हथियार से बड़े भाई पर वार कर दिया। घायल अवस्था में मृत्युंजय सिंह को तत्काल सिकन्दरपुर सीएचसी लाया गया। जहां चिकित्सकों ने उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया।

पुलिस मौके पर, जांच जारी
घटना की सूचना मिलते ही सिकन्दरपुर पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी गई है। गांव वालों के अनुसार, दोनों भाइयों के बीच पहले भी विवाद और झगड़े की घटनाएं होती रही हैं, लेकिन इस बार मामला खून-खराबे तक पहुंच गया। पुलिस का कहना है कि आरोपी की तलाश की जा रही है और जल्द ही उसे हिरासत में लिया जाएगा।
रिपोर्टर मुकेश कुमार श्रीवास्तव,नगरा










